बैतूल में आंधी से टीन शेड उड़े, पेड़ गिरे, बिजली व्यवस्था ठप, आम की फसल को भारी नुकसान

बैतूल। शनिवार शाम को बैतूल में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूलभरी आंधी ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों के टिनशेड उड़कर दूर जा गिरे, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आंधी के चलते शहर के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। कई सड़कों पर पेड़ गिर जाने से आवागमन भी प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेज हवाओं के कारण बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और कई इलाकों में घंटों तक बिजली आपूर्ति बंद रही।

धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता भी काफी कम हो गई थी। सड़क पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया।

करीब एक घंटे तक तेज आंधी चलने के बाद मौसम ने फिर करवट बदली और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बारिश की हल्की फुहारों से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन इसके बाद उमस बढ़ने से परेशानी भी महसूस हुई।

वहीं इस आंधी का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। तेज हवाओं के कारण आम की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। कई बागानों में कच्चे आम गिर गए, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की संभावना है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।

Next Post

खंडवा जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान पर

Sat May 2 , 2026
खंडवा। जल स्रोतों के पुनरुद्धार और संवर्धन के लिए चलाया जा रहा जल गंगा संवर्धन अभियान आज एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। इस महा-अभियान के अंतर्गत जिले ने अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक सक्रियता और जन-भागीदारी के समन्वय से पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज […]

You May Like