श्रीनगर, 02 मई (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी सहयोगी को गिरफ्तार कर उसके पास से हथियार और ग्रेनेड बरामद किये हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पुलवामा पुलिस ने 44 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) शादिमर्ग और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 183वीं बटालियन के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में एक आतंकवादी सहयोगी को धर दबोचा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान सीबी नाथ रोड स्थित कासबयार में चलाया गया, जहाँ संयुक्त टीम ने काचीपोरा निवासी संदिग्ध मोहम्मद उमर मलिक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने उसके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की जिसमें एक स्टार पिस्तौल, एक पिस्तौल मैगज़ीन, दो कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड शामिल हैं।
पुलिस ने पुलिस थाना राजपोरा में शस्त्र अधिनियम और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
