हैदराबाद | रितेश देशमुख के अभिनय और निर्देशन में बनी हिस्टोरिकल ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ ने 1 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देते ही बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर रिलीज हुई इस फिल्म ने समीक्षकों और दर्शकों का दिल जीत लिया है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने अपने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 13.51 करोड़ रुपये रहा। फिल्म की दमदार कहानी और सलमान खान के स्पेशल कैमियो ने दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में बड़ी भूमिका निभाई है, जिससे फिल्म पहले ही दिन डबल डिजिट का आंकड़ा पार करने में सफल रही।
रितेश देशमुख ने ‘राजा शिवाजी’ के जरिए मराठी सिनेमा में कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। फिल्म के केवल मराठी वर्जन ने 8 करोड़ रुपये की ओपनिंग ली है, जो रितेश की पिछली सुपरहिट फिल्मों जैसे ‘मौली’ (3.25 करोड़) और ‘लाई भारी’ (3.10 करोड़) के मुकाबले कहीं अधिक है। यही नहीं, इस फिल्म ने ‘सैराट’ और ‘टाइमपास 2’ जैसी कल्ट फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड्स को भी पीछे छोड़ दिया है। हिंदी मार्केट में भी फिल्म ने 3.35 करोड़ रुपये का सम्मानजनक कलेक्शन किया है, जो इसकी भाषाई सीमाओं से परे लोकप्रियता को दर्शाता है।
फिल्म के व्यापारिक आंकड़ों की तुलना की जाए तो ‘राजा शिवाजी’ ने कंगना रनौत की ‘मणिकर्णिका’ (8.75 करोड़) के पहले दिन के कलेक्शन को आसानी से पार कर लिया है। हालांकि, मराठा साम्राज्य पर आधारित फिल्मों में यह अजय देवगन की ‘तान्हाजी’ (15.10 करोड़) और विक्की कौशल की ‘छावा’ (33.50 करोड़) से फिलहाल पीछे है। एडवांस बुकिंग में ही 5.14 करोड़ रुपये बटोरने वाली इस फिल्म को लेकर जिस तरह का क्रेज देखा जा रहा है, उसे देखते हुए जानकारों का मानना है कि पहले वीकेंड पर यह फिल्म और भी बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

