
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस की आसमान छूती कीमतों को लेकर आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
पटवारी ने कहा कि सरकार चुनाव के समय महंगाई कम करने के वादे के साथ सत्ता में आई थी। उन्होंने “बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार” नारे का जिक्र करते हुए कहा कि हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है और आज महंगाई चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी है।
व्यावसायिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में तेजी से हुई बढ़ोतरी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि फरवरी से अब तक कीमतों में करीब 1,380 रुपये की वृद्धि हुई है, जो महज तीन महीनों में लगभग 81 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्शाती है। उनके अनुसार यह स्थिति केंद्र सरकार की आर्थिक प्रबंधन में विफलता को उजागर करती है।
उन्होंने बताया कि जो गैस सिलेंडर पहले 400 से 800 रुपये के बीच मिलते थे, वे अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं। इसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ा है, जिससे उनकी घरेलू बजट व्यवस्था बिगड़ गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रभाव पर भी सवाल उठाए।
पटवारी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत 3,071 रुपये तक पहुंचने से होटल, ढाबों और छोटे व्यापारियों की लागत बढ़ गई है, जिसका बोझ अंततः आम उपभोक्ताओं को महंगे खाने-पीने के रूप में उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी और आर्थिक संकट पर भी चिंता जताई और कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण हालात और बिगड़े हैं। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी और आम जनता को राहत दिलाने के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
