उज्जैन: सिंहस्थ-2028 की भव्य तैयारियों के बीच उज्जैन में विकसित हो रहा सिक्स लेन मार्ग श्रद्धालुओं के लिए ‘फास्ट ट्रैक कॉरिडोर’ साबित होने जा रहा है. मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृह नगर में चल रहे इंफ्रास्ट्रख्र विस्तार के तहत नानाखेड़ा गेल चौराहा से शांति पैलेस चौराहे तक बन रही यह सड़क शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगी.करीब 9 करोड़ 44 लाख रुपए की लागत से तैयार हो रही इस सिक्स लेन सड़क का निर्माण पिछले तीन माह से जारी है और इसे आगामी एक माह में पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है.
सड़क के साथ 5.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड भी दोनों तरफ बनाई जा रही है, जिससे यह मार्ग और अधिक विस्तृत व सुगम नजर आएगा. नवभारत से चर्चा में निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण हिस्से को जोड़ेगा, जहां एक ओर नानाखेड़ा बस स्टैंड स्थित है, वहीं दूसरी ओर वोल्वो-वीडियो कोच बस स्टैंड और कई ट्रेवल एजेंसियां संचालित होती हैं. प्रसिद्ध समुद्र मंथन चौराहा, नानाखेड़ा खेल स्टेडियम और सिंहस्थ बायपास मार्ग भी इसी क्षेत्र में हैं, जिन्हें यह नई सिक्स लेन सड़क सीधे जोड़ेगी. चौपहिया वाहन सहित बस से आने वाले यात्री भी बस स्टैंड पर उतरते ही बिना जाम के सीधे सिंहस्थ क्षेत्र तक पहुंच सकेंगे.
खरीदारी और भ्रमण का लुत्फ
सिर्फ आवागमन ही नहीं, यह मार्ग धार्मिक पर्यटन को भी नई दिशा देगा। आसपास विकसित हो रही वृहद मॉल परियोजनाएं, बाजार और सुविधाएं श्रद्धालुओं के अनुभव को और समृद्ध करेंगी. दर्शन के बाद श्रद्धालु यहां खरीदारी और भ्रमण का आनंद भी ले सकेंगे. हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा लोकार्पित ‘नैवेद्य लोक’ जैसे फूड जोन इस क्षेत्र को और आकर्षक बना रहे हैं, जहां आने वाले श्रद्धालु खान-पान का भी विशेष अनुभव ले पाएंगे.
एक माह में काम खत्म करने की कोशिक
नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कार्य समय सीमा में पूर्ण हो, ताकि शहरवासियों को वैकल्पिक संकरी गलियों से होकर गुजरने की परेशानी समाप्त हो सके. फिलहाल निर्माण के कारण लोगों को असुविधा हो रही है, निगम प्रशासन का दावा है कि एक माह में यह मार्ग शुरू होते ही यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल जाएगी,ताकि बारिश में दिक्कत न हो.
पुलिया का भी निर्माण
इसी सिक्स लेन सड़क पर गेल कम्पनी के ऑफिस के बाहर एक नई पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे बसंत विहार, ऋषि नगर और नानाखेड़ा क्षेत्र का जो सीवरेज आता है, उसकी निकासी व्यवस्था बेहतर होगी. मानसून को देखते हुए निर्माण एजेंसी को तेजी से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं
