सिटी कोतवाली में हड़कंप: पूछताछ के दौरान युवक फरार, सड़कों पर हुई फिल्मी चेज

छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाने में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पूछताछ के लिए लाया गया एक संदिग्ध युवक पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर थाने से ही फरार हो गया। पुलिस अभिरक्षा से युवक के भागते ही थाने में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस बल उसके पीछे दौड़ा। यह पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

मौका मिलते ही लगा दी दौड़

जानकारी के अनुसार, उक्त युवक को किसी मामले में पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया था। पुलिसकर्मी उससे पूछताछ की तैयारी कर ही रहे थे कि युवक ने नजर हटते ही मौका पाकर अचानक दौड़ लगा दी। जब तक परिसर में मौजूद पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, युवक थाने की दहलीज पार कर सड़क पर ओझल होने लगा।

सड़कों पर चला ‘फिल्मी चेज’

युवक को भागता देख पुलिसकर्मियों ने भी मुस्तैदी दिखाई और उसके पीछे दौड़ लगा दी। शहर की व्यस्त सड़कों पर कुछ दूरी तक पुलिस और आरोपी के बीच फिल्मी अंदाज में लुका-छिपी और पीछा चलता रहा। दिनदहाड़े पुलिस को सड़क पर दौड़ते देख राहगीर और स्थानीय लोग भी हैरान रह गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घेराबंदी कर ‘कड़ा की बरिया’ के पास दबोचा

पुलिस ने युवक को भागने से रोकने के लिए तुरंत इलाके की घेराबंदी की। आखिरकार पुलिस की तत्परता रंग लाई और भाग रहे युवक को ‘कड़ा की बरिया’ इलाके के पास पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।

दोबारा हिरासत में पूछताछ शुरू

पकड़े जाने के बाद युवक को कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा सिटी कोतवाली लाया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि युवक आखिर किस डर की वजह से भागा था। फिलहाल युवक पुलिस की गिरफ्त में है और उससे संबंधित मामले में गहन पूछताछ की जा रही है। इस घटना ने थाने की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर भी चर्चाएं छेड़ दी हैं।

Next Post

कल ओंकारेश्वर स्थित नरसिंह टेकरी आश्रम में होगा ब्रम्हचारी अवधेशानंद महाराज का मंगल आगमन 

Wed Apr 29 , 2026
ओंकारेश्वर। मां नर्मदा की पैदल परिक्रमा करके नरसिंह चतुर्दशी पर ओंकारेश्वर पहुंचेंगे राजस्थान स्थित सुरजकुंड वाले दाता सरकार ब्रम्हचारी अवधेशानंद महाराज, इस दौरान महाराज के साथ यात्रा में साथ रहे अन्य पूज्य सन्त जन भी होगे। यात्रा का पड़ाव नगर के प्राचीन श्री नरसिंह टेकरी आश्रम में रहेगा। साथ ही […]

You May Like