जबलपुर:जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है कि आगामी खरीफ सीजन के लिए जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। कार्यालय उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि वर्तमान में जिले के पास कुल 36,948 मीट्रिक टन उर्वरक का भंडार मौजूद है, जिसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और एमओपी जैसी सभी प्रमुख खादें शामिल हैं।
चूंकि अभी फसलों की बोनी का मुख्य सीजन शुरू नहीं हुआ है, इसलिए वर्तमान में ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किसानों को उनकी पात्रता का 50 प्रतिशत डीएपी और यूरिया उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन की योजना के अनुसार, आगामी 1 मई से खरीफ की बोनी के लिए किसानों को ई-विकास प्रणाली के जरिए डीएपी, एसएसपी, एमओपी और एनपीके के सभी ग्रेड 100 प्रतिशत मात्रा में मिलने लगेंगे।
बोनी के समय दिया जाएगा 50 प्रतिशत यूरिया
यूरिया के वितरण को लेकर विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। बोनी के समय किसानों को कुल जरूरत का 50 प्रतिशत यूरिया दिया जाएगा, क्योंकि फसल की शुरुआती अवस्था में इतनी ही आवश्यकता होती है। इसके बाद, फसलों में ‘टॉप ड्रेसिंग’ यानी ऊपरी छिड़काव के लिए शेष 50 प्रतिशत यूरिया का वितरण 15 जून से शुरू किया जाएगा।
