
जबेरा/दमोह.जिले के गुबरा–मझौली रोड पर मंगलवार दोपहर कुसमी मानगढ़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान चाचा ने भी दम तोड़ दिया.वहीं बच्ची की मां की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जबलपुर के निजी अस्पताल में जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार धनवाही मझौली निवासी विमल रजक अपनी भतीजी साक्षी रजक (14 वर्ष) और भाभी निशा रजक के साथ सागर बंडा में एक शादी समारोह से लौटकर अपने गांव धनवाही मझौली जा रहे थे. इसी दौरान कुसमी मानगढ़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई.हादसा इतना भीषण था कि 14 वर्षीय साक्षी रजक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल विमल रजक और निशा रजक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कटंगी और फिर जबलपुर रेफर किया गया.दुर्भाग्यवश उपचार के दौरान विमल रजक ने भी दम तोड़ दिया, जबकि निशा रजक की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है.घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रामगोपाल यादव व आरक्षक शैलेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे.पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है. वहीं चाचा विमल रजक की जबलपुर में मौत होने के कारण पुलिस टीम वहां के लिए रवाना हुई.इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
