
हरदा। किसानों का 22 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से घेरा डालो-डेरा डालो किसान क्रांति आंदोलन जारी है, जिसमें हरदा, देवास, नर्मदापुरम और खंडवा जिलों से हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ कृषि उपज मंडी में जुटे। गेहूं और मूंग खरीदी में आ रही दिक्कतें आंदोलन का प्रमुख कारण हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मंडी और कलेक्ट्रेट क्षेत्र को छावनी में बदलते हुए 5 बटालियन के 1100 जवान तैनात किए हैं।
किसान अपने साथ राशन, बिस्तर और अन्य सामग्री लाकर मंडी परिसर में ही डेरा डाले हुए हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन करने की चेतावनी दी है। आंदोलन को कांग्रेस विधायक डॉ. आर.के. दोगने का समर्थन भी मिला।
प्रशासन की ओर से एसडीएम ने वार्ता की कोशिश की, लेकिन किसान कमिश्नर को ज्ञापन देने पर अड़े रहे। किसानों की प्रमुख मांगों में MSP पर कानून, कर्जमाफी, कृषि इनपुट पर GST खत्म करने और फसल खरीदी में सुधार शामिल हैं।
