छतरपुर में ट्रांसफार्मर में भीषण आग, धमाके से मचा हड़कंप

छतरपुर। शहर के बड़ी कुंजरेहटी क्षेत्र में एक इलेक्ट्रिक डीपी (ट्रांसफार्मर) में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए।

आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में पूरा ट्रांसफार्मर धधकने लगा और उससे निकल रही चिंगारियां दूर तक फैलने लगीं। बिजली के खंभे पर लगी डीपी में आग होने के कारण करंट फैलने का खतरा बना रहा, जिससे किसी ने भी पास जाकर आग बुझाने का प्रयास नहीं किया।

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों का समुचित रखरखाव नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर पुराने और जर्जर ट्रांसफार्मर लगे हैं, जो बढ़ते बिजली लोड को सहन नहीं कर पा रहे हैं।

गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर गर्म होकर आग पकड़ लेते हैं। साथ ही पुरानी और क्षतिग्रस्त बिजली लाइनें शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग का कारण बन रही हैं।

घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित रही। स्थानीय रहवासियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से पुराने ट्रांसफार्मरों एवं बिजली लाइनों को शीघ्र बदलने तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

 

 

 

Next Post

बीआरटीएस हटाने से कोई फर्क नहीं, एलिवेटेड कॉरिडोर के काम से फिर जाम

Tue Apr 28 , 2026
इंदौर:शहर में यातायात जाम होना अब आम हो गया गया है. प्रशासन एवं पुलिस के यातायात सुधार और व्यवस्था के सारे दावे खोखले साबित हो रहे है. हाईकोर्ट की फटकार का भी असर नहीं हो रहा है. स्थिति जस की तस बनी हुई है और कोई देखने वाला नहीं है. […]

You May Like