
दमोह। छतरपुर हाइवे पर जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बकायन-फुटेरा मार्ग पर सोमवार दोपहर शादी समारोह में जा रहे बाइक सवार दो युवक पेड़ से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां एक युवक की मौत हो गई और दूसरे का प्राथमिक इलाज करने के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मृतक युवक की पहचान फुटेरा कला गांव निवासी दीपक पिता
मन्नू लाल अठ्या 25 के रूप में हुई है. जबकि उसका साथी अजय पिता परशराम रैकवार 28 भी इसी गांव का रहने वाला है.
बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने किसी परिचित की शादी में शामिल होने के लिए बाइक से छतरपुर जिले के घुवारा गांव जा रहे थे. सोमवार दोपहर करीब 3 बजे जब दोनों युवक गांव से निकले तो कुछ ही दूरी आगे चलते ही बकायन फुटेरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई.जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि एक युवक दीपक अठ्या ने मौके पर ही दम तोड़ दिया उसके सिर में गंभीर चोट आई थी. स्थानीय लोगों ने घायलों को देखा तो तत्काल 108 को सूचना दी और दोनों को इलाज के लिए बटियागढ़ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया. जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया है जबकि उसके साथी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.मृतक की मां जब अस्पताल पहुंची तो बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी और अपने बेटे को बुलाती रही.फुटेरा चौकी प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी की फुटेरा गांव में हनुमान मंदिर के पास कोई सड़क हादसा हो गया है जिसमें दो लोग घायल हुए हैं. जिन्हें अस्पताल लाया गया है. यहां दीपक नामक युवक की मौत हो गई है और अजय रैकवार घायल है जिसे जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने मर्ग कम कर मामले में जांच शुरू कर दी है.
