पटना, 27 अप्रैल (वार्ता)राष्ट्रीय जनता दल (राजद)के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोमवार को आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने बिहार की महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है। श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि राजग सरकार ने सफेद झूठ बोलकर महिलाओं की भावनाओं का दोहन किया और करोड़ों महिलाओं के साथ धोखाधड़ी की।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि बिहार विधानसभा चुनाव में हार की आशंका के बीच, मतदान के दिन तक बैंक खुलवाकर मतदाताओं को प्रभावित करने के उद्देश्य से महिलाओं और जीविका दीदियों के खातों में 10 हजार रुपये भेजे गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कथित रूप से डराया- धमकाया गया और यह संदेश दिया गया कि यदि वे सत्तारूढ़ गठबंधन को वोट नहीं देंगी तो उनके खातों से पैसे वापस ले लिए जाएंगे।उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को प्रलोभन दिया गया कि उन्हें कुल दो लाख रुपये की सहायता दी जाएगी, जिसमें आगे की किश्त चुनाव के बाद दी जाएगी,लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया।
राजद नेता श्री यादव ने कहा कि इस योजना में पहले से पंजीकृत लगभग 18 लाख महिलाओं को पहली किश्त नहीं मिली, जबकि एक करोड़ 81 लाख जीविका दीदियों एवं महिलाओं को दूसरी किश्त का इंतजार है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की विफलता और वादाखिलाफी को दर्शाती है।
श्री यादव ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि बिहार का खजाना खाली हो चुका है और केवल चुनावी लाभ के लिए बड़े पैमाने पर नकद वितरण किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है और राज्य में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने राज्यहित की बजाय राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता दी, जिससे बिहार की जनता, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है।
