शाह ने गंगासागर में प्रार्थना की और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नयी दिल्ली 27 अप्रैल (वार्ता) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को पश्चिम बंगाल के गंगासागर में प्रार्थना की और राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा कपिल मुनि आश्रम में महर्षि कपिल की पूजा-अर्चना की।

बाद में श्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “सब तीर्थ बार-बार, गंगासागर एक बार! गंगा और सागर की संगमस्थली गंगासागर में पूजन-अर्चन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जीवनदायिनी मां गंगा के इस पवित्र तीर्थ पर मन असीम शांति और आध्यात्मिक आनंद से भर गया। मां गंगा देशवासियों पर अपनी कृपा बनाए रखें।”

अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा, “देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले हमारे अमर जवानों को आज गंगासागर में श्रद्धापूर्वक पूजन-तर्पण अर्पित किया। अकल्पनीय चुनौतियों और हर बाधा के बीच राष्ट्ररक्षा को सर्वोच्च लक्ष्य मानकर अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सुरक्षा बलों के शौर्य पर हर भारतीय को अभिमान है।”

जनकल्याण की कामना करते हुए श्री शाह ने कहा, “गंगासागर स्थित कपिल मुनि आश्रम में महर्षि कपिल का पूजन कर देशवासियों के कल्याण की कामना की। ज्ञान, त्याग और तप के प्रतीक ऋषिवर कपिल का जीवन-दर्शन हर देशवासी के लिए प्रेरणादायी है।”

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा, “उद्गम स्थली गंगोत्री से लेकर संगम तट श्री प्रयागराज और मां गंगा जहां सागर में विलय होती हैं, उस गंगासागर तक मां गंगा करोड़ों श्रद्धालुओं के प्राणों में बसती हैं ।”

Next Post

भीषण गर्मी से निपटने के लिए सरकार मुस्तैद : रेखा गुप्ता

Mon Apr 27 , 2026
नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को हीट वेव एक्शन प्लान को लेकर कहा कि सरकार हर स्तर पर पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है और सभी विभागों को भी इस मसले पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि भीषण […]

You May Like