
लंदन, 27 अप्रैल (स्पुतनिक/वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के रात्रि भोज के दौरान हुई गोलीबारी की घटना के बावजूद ब्रिटिश सम्राट चार्ल्स तृतीय की अमेरिका यात्रा योजनानुसार जारी रहेगी।बकिंघम पैलेस ने एक बयान में यह जानकारी दी है।
इससे पहले, राजमहल के सूत्रों ने कहा था कि चार्ल्स तृतीय और रानी कैमिला की अमेरिका की प्रस्तावित यात्रा पर इस घटना के संभावित प्रभावों के बारे में लंदन और वाशिंगटन के बीच चर्चा की जा रही है।
‘इंडिपेंडेंट’ समाचार पत्र ने राजमहल के हवाले से कहा है, “दिन भर दोनों देशों के बीच हुई चर्चा के बाद और सरकार की सलाह पर कार्रवाई करते हुये, हम इसकी पुष्टि कर सकते हैं कि उनकी राजकीय यात्रा योजनानुसार आगे बढ़ेगी।” पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार, यह यात्रा सोमवार से शुरू होगी। चार्ल्स तृतीय उस दिन श्री ट्रम्प के साथ एक अनौपचारिक बैठक भी करेंगे। मंगलवार को सम्राट अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित करेंगे।
गाैरतलब है कि गोलीबारी की यह घटना ‘व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन’ के रात्रि भोज के दौरान हुई। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दो कार्यकाल में पहली बार इस कार्यक्रम में भाग लिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति ने घोषणा की कि वह और उनके मंत्रिमंडल के सदस्य सुरक्षित हैं तथा हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। अधिकारियों ने संदिग्ध की पहचान कैलिफोर्निया निवासी कोल थॉमस एलन (31) के रूप में की है।
