
छतरपुर। जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र में चलती बस के अंदर सीट को लेकर यात्रियों के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया और बस के भीतर ही दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। घटना से बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अन्य यात्री घबरा गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीट पर बैठने को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई। बस के अंदर कुछ लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इस दौरान बस में मौजूद अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक स्थिति बेकाबू बनी रही।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बस के भीतर यात्रियों के बीच मारपीट साफ दिखाई दे रही है। कई यात्री डर के कारण अपनी सीटों से उठ गए, जबकि कुछ लोगों ने झगड़ा शांत कराने की कोशिश की।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना विश्राम गृह के पास हुई। घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही लवकुशनगर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बसों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
