​बेटे के लव मैरिज की पिता को मिली तालिबानी सजा, बंधक बनाकर पीटा और पिलाई पेशाब

रायसेन: यहां मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट कर कथित रूप से जबरन पेशाब पिलाने का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम अगरिया मारखो निवासी बिहारी बंजारे के बेटे द्वारा विदिशा जिले के शमशाबाद क्षेत्र की एक युवती से भागकर विवाह कर लेने के बाद युवती के परिजन आक्रोशित हो गए। बताया गया है कि युवती के परिजन सुबह करीब चार बजे बिहारी बंजारे के घर पहुंचे और उसके तथा उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।

आरोप है कि इसके बाद 10-12 लोग बुजुर्ग को जबरन अपने साथ राजगढ़ जिले के ब्यावरा ले गए, जहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई और कथित रूप से बोतल में पेशाब भरकर पिलाया गया। मारपीट के बाद उसे घर के बाहर छोड़कर आरोपी फरार हो गए।पीड़ित बुजुर्ग बाद में अपने परिजनों के साथ सेण्डोरा पुलिस चौकी पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन दिया। सूचना मिलने पर रायसेन पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर बुजुर्ग को कोतवाली बुलाया तथा राजगढ़ पुलिस को भी सूचित किया।

बताया गया है कि राजगढ़ पुलिस रायसेन पहुंचकर पीड़ित और उसके परिजनों को अपने साथ ले गई है, जहां मामले में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। इस बीच सलामतपुर थाना पुलिस ने रायसेन जिले के दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि आगे की कार्रवाई राजगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि पुलिस पीड़ित परिवार के संपर्क में है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

तेंदुए ने घर में घुसकर बुजुर्ग पर किया हमला, गंभीर

Sat Apr 25 , 2026
सीधी : जिले के भुईमाड़ थानांतर्गत ग्राम केशलार में शनिवार तड़के तेंदुए ने घर में घुसकर एक बुजुर्ग के सिर पर हमला कर दिया। बुजुर्ग को गंभीर जख्म के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत फैल गई। जानकारी […]

You May Like