इंदौर: बाणगंगा क्षेत्र स्थित मानसिक चिकित्सालय में भर्ती एक मरीज ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक पेंटर का काम करता था और लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा था.मृतक की पहचान रवि उम्र 37 साल पिता राधाकिशन निवासी ग्राम माचला, तेजाजी नगर के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि रवि पिछले दो तीन साल से मानसिक रूप से परेशान था और अवसाद में रहता था.
बेहतर इलाज के लिए उसे एक दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया था. अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उसने बाथरूम में अपनी बनियान का फंदा बनाकर फांसी लगा ली. घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है. अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सहित सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
