दिल्ली | आम आदमी पार्टी (आप) में मची ऐतिहासिक भगदड़ के बाद दिल्ली की राजनीति में उबाल आ गया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा समेत सात सांसदों के भाजपा में शामिल होने के बाद दोनों पार्टियों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा नेता और मंत्री प्रवेश वर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर करारा हमला बोलते हुए ‘आप’ का नया अर्थ ‘आलीशान आदमी पार्टी’ बताया है। उन्होंने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो व्यक्ति बच्चों की झूठी कसम खाता था और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकला था, वह आज विलासिता के ‘शीशमहल’ में रह रहा है। वर्मा ने दावा किया कि अगर केजरीवाल ने कमरों की सजावट के बजाय दिल्ली के विकास पर ध्यान दिया होता, तो आज उनके साथी पार्टी छोड़कर नहीं भागते।
प्रवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल के नए आवास का लेआउट और वीडियो जारी करते हुए उसे ‘शीशमहल-2’ की संज्ञा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में हार के बाद जब केजरीवाल पंजाब की राजनीति में सक्रिय हुए, तो वहां भी सरकारी बंगलों पर अवैध कब्जे किए गए। वर्मा के अनुसार, भगवंत मान सरकार के समय चार बड़े सरकारी घरों पर केजरीवाल और उनके करीबियों ने कब्जा जमाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सादगी का ढोंग करने वाले नेता अब 95 लोधी एस्टेट जैसे आलीशान बंगलों में शिफ्ट हो रहे हैं, जिसकी भव्यता देखकर आम जनता हैरान है। भाजपा ने इसे जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग बताया है।
इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर समाजसेवी अन्ना हजारे ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ के लिए राजनीतिक दल बदलना संविधान और नैतिकता के खिलाफ है। दूसरी ओर, पंजाब सरकार के मंत्री बलबीर सिंह ने राघव चड्ढा के भाजपा में जाने को ‘ऑपरेशन लोटस’ और केंद्रीय एजेंसियों के दबाव का नतीजा बताया। उन्होंने राघव चड्ढा को नैतिकता के आधार पर राज्यसभा से इस्तीफा देने की चुनौती दी है। बलबीर सिंह ने मनीष सिसोदिया से मुलाकात के बाद स्पष्ट किया कि पार्टी इस टूट से कमजोर नहीं होगी, बल्कि पंजाब सरकार और मजबूती से काम करती रहेगी। फिलहाल, सांसदों के इस पाला बदलने ने दिल्ली और पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बना दिए हैं।

