वाशिंगटन, 25 अप्रैल (स्पूतनिक/वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ब्रिटेन के किंग चार्ल्स III के अमेरिका के दौरे के दौरान उनके साथ उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और ईरान के खिलाफ अमेरिकी अभियान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
श्री ट्रंप ने एक न्यूज एजेंसी को फ़ोन पर बताया, “मैं हर चीज़ के बारे में बात करूँगा। मैं इस पर चर्चा करूँगा। वे मेरे दोस्त हैं, और वे बहुत अच्छे इंसान हैं।” रिपोर्ट के अनुसार, ब्रिटेन का डिजिटल सेवा कर भी चर्चा के विषयों में शामिल होगा।
गौरतलब है कि बकिंघम पैलेस ने 31 मार्च को घोषणा की थी कि किंग चार्ल्स III और रानी कैमिला अप्रैल में अमेरिका की राजकीय यात्रा पर जाएँगे। श्री ट्रंप ने बताया कि ब्रिटेन का शाही जोड़ा 27 से 30 अप्रैल के बीच अमेरिकी दौरे पर रहेगा। सोमवार से शुरू हो रही किंग चार्ल्स की चार-दिवसीय राजकीय यात्रा, ब्रिटेन से अमेरिका की आज़ादी की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर होगी।
