
रीवा। रीवा शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आनंद नगर बोदाबाग का है. जहां चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया.
जानकारी के अनुसार निजी स्कूल के संचालक अमित सिंह अपने बेटे की दवाई कराने के लिए रीवा शहर से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान 24 अप्रैल को रात करीब डेढ़ बजे नकाबपोश बदमाशों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर रात लगभग 2 बजकर 9 मिनट में घर के अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. सुबह जब मोहल्ले के लोगों ने घर के मुख्य गेट का टूटा हुआ ताला देखा, तो उन्होंने तुरंत घर मालिक को सूचना दी. सूचना मिलते ही अमित सिंह के होश उड़ गए और उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक फुटेज में दो नकाबपोश बदमाश संदिग्ध रूप से घर के आसपास घूमते और फिर अंदर जाते हुए नजर आ रहे हैं. फिलहाल चोरी गए सामान की सही जानकारी सामने नहीं आ पाई है, लाखो की चोरी हो सकती है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है.
