गुना: जिले के आरोन थाना अंतर्गत ग्राम रामपुर में हनुमान जी के मंदिर में सेवा करने वाले 22 वर्षीय युवा पुजारी संतोष शर्मा ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।जानकारी के अनुसार, घटना के समय संतोष घर पर अकेले थे। उनके परिवार के सभी सदस्य पड़ोसी जिले विदिशा में एक देव स्थान के दर्शन करने गए हुए थे। जब परिजन वापस लौटे, तो उन्होंने संतोष को घर की छत पर मरणासन्न हालत में तड़पते हुए देखा। यह मंजर देख घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि संतोष का स्वभाव अत्यंत व्यवहारिक और मिलनसार था। वह गांव के हनुमान मंदिर में पुजारी के रूप में अपनी सेवाएं देते थे। किसी को भी इस बात का अंदाजा नहीं था कि इतना शांत और धार्मिक प्रवृत्ति का युवक ऐसा आत्मघाती कदम उठा सकता है। परिजनों के लिए यह समझना मुश्किल हो रहा है कि आखिर संतोष ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। शव का पोस्टमार्टम गुना जिला अस्पताल में कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
