पहलगाम हमले की बरसी पर बोले गिदोन सआर, आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ है इजरायल

तेल अवीव, 22 अप्रैल (वार्ता) इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सआर ने पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर भारत के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी और वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ साझा प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्री ने एक संदेश में कहा कि इजरायल इस त्रासदी में मारे गए निर्दोष लोगों की स्मृति को नमन करता है और उनके परिजनों के दुख में सहभागी है।

उन्होंने कहा कि इजरायल हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई में “दृढ़ और अडिग” है तथा भारत के साथ मिलकर चरमपंथी खतरों से निपटने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए सहयोग को और मजबूत करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि दोनों देश इस खतरे का दृढ़ता से सामना करने और शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने साझा प्रयास जारी रखेंगे।

उल्लेखनीय है कि पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मृत्यु हो गयी थी। हमलावरों ने एक रिजार्ट में घुसकर नागरिकों को निशाना बनाया था, जिससे यह पर्यटक क्षेत्र हिंसा से प्रभावित हो गया था। बताया गया है कि इस हमले में हमलावरों ने कथित रूप से पीड़ितों से उनका धर्म पूछने के बाद उनकी हत्या की थी।

हमले के बाद भारत ने सात मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ आरंभ किया, जिसके तहत पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया गया। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भारतीय सशस्त्र बलों ने लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े नौ प्रमुख आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया।

इसके बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच चार दिन तक संघर्ष चला, जो अंततः 10 मई को आपसी सहमति से संघर्षविराम के साथ समाप्त हुआ।

इससे पहले भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अज़ार ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने हमले में मारे गए लोगों को याद किया और दोहराया कि इजरायल आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा है।

 

Next Post

बकरी बेचने जा रहा बुजुर्ग हुआ हादसे का शिकार, ईलाज के दौरान तोड़ा दम

Wed Apr 22 , 2026
शाजापुर। बकरी लेकर हाट बाजार में बेचने जा रहे एक बुजुर्ग को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसे परिजन जिला अस्पताल लाए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. यह घटना सुबह करीब 7 बजे राजगढ़ जिले के धनोरा गांव के पास हुई, जब एक अज्ञात चार पहिया […]

You May Like