तेहरान, 22 अप्रैल (वार्ता) इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने कहा है कि वह किसी भी संभावित युद्धक्षेत्र में अमेरिका और इजरायल सहित अपने विरोधियों की ‘अपेक्षाओं और आकलनों से परे’ जाकर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार है। स्थापना दिवस के अवसर पर जारी बयान में आईआरजीसी ने अपनी विभिन्न शाखाओं और बसीज स्वयंसेवी बल के साथ मिलकर कहा कि वह उन्नत क्षमताओं और नयी रणनीतिक विकल्पों के जरिए ‘अप्रत्याशित घटनाक्रम’ उत्पन्न करने में सक्षम है। बयान में कहा गया, “ हम युद्धप्रिय और विश्वासघाती दुश्मन की समझ और गणना से कहीं आगे जाकर उपलब्धियां हासिल करने और चौंकाने वाली घटनाएं पैदा करने के लिए तैयार हैं।”
आईआरजीसी ने कहा कि वह उच्चतम स्तर की परिचालन तैयारियों में है और किसी भी खतरे या नये आक्रमण का तेज और निर्णायक जवाब देने के लिए तैयार है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सैन्य टकराव का नया दौर शुरू होता है, तो वह क्षेत्र में दुश्मन की शेष सैन्य संपत्तियों पर ‘कल्पना से परे करारा प्रहार’ करेगा।
बयान में 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा शुरू किये गये कथित युद्ध का उल्लेख करते हुए कहा गया कि ईरान ने ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4’ के तहत जवाबी कार्रवाई में सैकड़ों बैलिस्टिक और हाइपरसोनिक मिसाइलों तथा ड्रोन का इस्तेमाल किया। आईआरजीसी ने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम विरोधी शक्तियों की सैन्य प्रतिष्ठा में गिरावट को दर्शाते हैं और पश्चिम एशिया में एक नये क्षेत्रीय संतुलन की ओर संकेत करते हैं, जो बाहरी हस्तक्षेप के बिना स्थिरता और सुरक्षा स्थापित करेगा।

