भोपाल: विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः का उल्लेख कर धरती को मां के समान बताते हुए उसके संरक्षण को प्रत्येक नागरिक का परम धर्म बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस धरती पर हमें जीवन मिला है, उसकी रक्षा और समृद्धि के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से जल, जंगल और जमीन को सुरक्षित रखने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण बेहद आवश्यक है।
डॉ. यादव ने लोगों से प्रकृति अनुकूल जीवनशैली अपनाने, संसाधनों का संयमित उपयोग करने और अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही सच्चे अर्थों में मानवता की सेवा है और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी तरीका भी।
