जबलपुर: घमापुर थाना क्षेत्र में फिल्मी स्टाइल में छात्र का चाकू की नोक पर अपहरण कर लिया गया। इसके बाद बीच बचाव करने पहुंचे उसके साथी छात्र पर भी बदमाशों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया। इसके बाद आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। वहीं हमले में गंभीर रूप से घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने अपहरण, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर दी है । साथ ही उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपित पुलिस गिरफ्त में होगे।
स्कूटी पर बैठाया, पीठ पर चाकू अड़ा ले गए-
जानकारी के अनुसार कृष्णा विश्वकर्मा निवासी शुक्ला होटल के पास रहने वाला दसवीं कक्षा का छात्र है। दोपहर करीब 1:30 बजे अपने दोस्त मयूर चौधरी के साथ प्रैक्टिकल वायवा देकर स्कूल से बाहर निकला था। तभी पुरानी रंजिश को लेकर अनुकल्प और अनंत ने उसे घेर लिया। विरोध करने पर आरोपी अपने साथी हनी सिंह ठाकुर के साथ वापस आए और छात्र को जबरन स्कूटी पर बैठाकर, पीठ पर चाकू अड़ाकर हनुमान टोरिया ले गए।
मैदान में घेरकर किया हमला
पीडि़त को बचाने के लिए उसका दोस्त मयूर चौधरी और दीपेश कनोजिया भी पीछे भागे। हनुमान टोरिया ग्राउंड में पहले से मौजूद जीत अहिरवार ने चाकू निकाल लिया। जब छात्र ने भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसे जमीन पर पटक कर लात-घूसों से पीटा और जीत ने उसकी जांघ पर चाकू से वार किया।
दोस्त बचाने पहुंचे मयूर की हत्या का प्रयास-
जब मयूर चौधरी अपने दोस्त को बचाने आगे आया, तो आरोपियों ने उस पर हमला बोल दिया। हनी सिंह, जीत और अनंत ने मिलकर मयूर के पेट, गले, पैर और पसलियों में एक के बाद एक कई वार किए। खून से लथपथ मयूर वहीं गिर पड़ा। राहगीरों की भीड़ जुटते देख आरोपी अपनी गाडिय़ों से जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहा-
गंभीर रूप से घायल मयूर को विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगडऩे पर उसे जबलपुर अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ वह आईसीयू में भर्ती है जहां वे जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है
