अंतर्राज्यीय धोखाधड़ी गिरोह के तीन सदस्य धराए

रेहटी। पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय धोखाधड़ी गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने मक्का खरीदी के नाम पर फर्जी जीएसटी दस्तावेजों का उपयोग कर व्यापारी से लाखों रुपए की ठगी की थी.

प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी पंकज चन्द्रवंशी, निवासी रेहटी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों द्वारा लगभग 6500 क्विंटल मक्का की खरीदी कर फर्जी जीएसटी दस्तावेजों के माध्यम से धोखाधड़ी की गई और भुगतान किए बिना फरार हो गए. इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी राजेश कहारे के नेतृत्व में टीम गठित की गई. तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे में सफलता हासिल की. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया.

गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार कलवानी निवासी रायपुर छत्तीसगढ़, मनोज कुमार निवासी शाहदरा दिल्ली एवं राजेश चवारे निवासी नागपुर/पांढुर्णा क्षेत्र शामिल हैं. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग नाम और मोबाइल नंबर का उपयोग कर स्वयं को ब्रोकर बताकर व्यापारियों से संपर्क करते थे. पहले कम मात्रा में माल खरीदकर भुगतान करते थे ताकि विश्वास बना सकें, इसके बाद बड़ी मात्रा में कृषि उपज मंगवाकर बिना भुगतान किए फरार हो जाते थे. आरोपियों के खिलाफ उत्तरप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं.

Next Post

फिल्मी अंदाज में लूट की घटना को दिया अंजाम

Wed Apr 22 , 2026
सतना: जिले के चित्रकूट क्षेत्र स्थित बगदरा घाटी में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे 4-5 बदमाशों ने पीछा कर एक कार सवार की सोने की चेन लूट ली। सीधी से लौट रहे युवकों की कार को बदमाशों ने अपनी 2 गाड़ियों से टक्कर मारकर रोकने की कोशिश की और गोदावरी […]

You May Like