नयी दिल्ली, 03 जुलाई (वार्ता) मुख्य न्यायाधीश बी आर गवई की अध्यक्षता वाले उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के लिए 10 न्यायाधीशों की नियुक्त की सिफारिश की है।
शीर्ष अदालत की ओर से गुरुवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक कॉलेजियम की एक और दो जुलाई को आयोजित बैठक में जिन नामों की सिफारिश की गई है, उनमें पांच न्यायिक अधिकारी और इतने ही अधिवक्ता शामिल हैं।
कॉलेजियम ने अधिवक्ता पुष्पेंद्र यादव, आनंद सिंह बहरावत, अजय कुमार, निरंकारी, जय कुमार पिल्लई और हिमांशु जोशी को न्यायाधीश बनने की सिफारिश की है।
इसी प्रकार जिन न्यायिक अधिकारियों को पदोन्नत करने की सिफारिश की गई उनमें, राजेश कुमार गुप्ता, आलोक अवस्थी, रत्नेश चंद्र सिंह बिसेन, भगवती प्रसाद शर्मा और प्रदीप मित्तल शामिल हैं।
