केजरीवाल की दिल्ली की सत्ता से विदाई तय,कांग्रेस को जीरो सीट :आठवले

केजरीवाल की दिल्ली की सत्ता से विदाई तय,कांग्रेस को जीरो सीट :आठवले

नयी दिल्ली 11 जनवरी (वार्ता) रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया (आरपीआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) को सत्ता से हटाने के लिए काम करेगी व कांग्रेस को दिल्ली में पुन: जीरो सीट पर फिर से समेटने का काम करेगी।

श्री आठवले ने शनिवार को यहां दावा किया की दिल्ली में एतिहासिक बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी दिल्ली की 15 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी तथा शेष सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों का समर्थन करेगी।

आरपीआई नेता ने दावा किया कि नित्य नए भ्रष्टाचार के कारनामों से दिल्ली की जनता को त्रस्त करने वाली ‘आप’ की सरकार को जनता इस विधानसभा चुनाव में उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का वादा करने वाली आप ने देश की राजधानी को विश्व स्तरीय शहर बनाने के स्थान पर इसे खोखला कर दिया है।

श्री आठवले ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विश्वस्तरीय स्कूल बनाने का दावा करने वाले केजरीवाल ने दो लाख से अधिक बच्चों को शिक्षा से वंचित कर दिया है। शराब घोटाले से पूरे दिल्ली को बदनाम करने का काम आप संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने किया है।

श्री आठवले ने कहा कि आरपीआई (आठवले), के प्रत्याशी विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा सरकार बनाने के लिए समर्थन देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में गत 10 वर्षों में देश विकास के पथ पर अग्रसर हो कर नए कीर्तिमान रच रहे है, वहीं दूसरी ओर श्री अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली देने का वादा करते हुए दिल्ली की सत्ता पर क़ाबिज़ हुए, लेकिन खुद भ्रष्टाचार में डूब गए।

उन्होंने कहा कि देश मे केजरीवाल की एकमात्र सरकार है जिसके मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री जेल जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आप की तीसरी बार सरकार बनाने के मंसूबों को उनकी पार्टी सफल नहीं होने देगी।

श्री आठवले ने कहा कि संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी के सपनों के भारत निर्माण के सपना देश के प्रधान सेवक श्री मोदी जी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में श्री अरविंद केजरीवाल ने केवल दिल्ली की जनता को नए सपने दिखाकर गुमराह किया है, लेकिन इस बार दिल्ली वासी केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से दूर कर सबक सिखाने का काम करेंगे।

Next Post

पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव नहीं

Sat Jan 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 जनवरी (वार्ता) अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उबाल जारी रहने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल और डीजल के दाम में आज कोई बदलाव नहीं हुआ, जिससे दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर तथा डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर पड़े रहे। तेल […]

You May Like