आष्टा। पुलिस ने अवैध गोवंश परिवहन और लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई एसपी दीपक शुक्ला के निर्देश तथा एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में की गई.
जानकारी के अनुसार पुलिस को बीत रात अवैध परिवहन की सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर सिद्दीकगंज थाना पुलिस ने ग्राम धूराड़ा कला बस स्टैंड पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध लोडिंग वाहन को रोका. वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन बैल कू्ररतापूर्ण बंधे मिले और अवैध लकड़ी भरी हुई पाई गई.
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम 30 वर्षीय सयदाम जमरे और 28 वर्षीय राकेश बामणिया, निवासी ग्राम वालन, जिला बड़वानी बताए. पुलिस ने दोनों के खिलाफ पशु कू्ररता निवारण अधिनियम, गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं भारतीय वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया. मामले में आरोपियों को न्यायालय आष्टा में पेश किया जाएगा. कार्रवाई में थाना प्रभारी राजूसिंह बघेल सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा.
