
वॉशिंगटन, 21 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी कांग्रेस की निगरानी समिति ने मध्य-पश्चिमी अमेरिका (मिडवेस्ट) के एक अल्पज्ञात संगठन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है, जो वर्षों से अमेरिकी समुदायों और चीन के बीच रिश्ते बनाने का काम कर रहा है। इस कार्रवाई ने इन सवालों को जन्म दिया है कि पर्दे के पीछे से असल में इसकी कमान कौन संभाल रहा है। चीन से संबंधित अमेरिकी सदन की प्रवर समिति ने इस सप्ताह ‘यूनाइटेड स्टेट्स हार्टलैंड चाइना एसोसिएशन’ को तीखा पत्र लिखा है। शिकागो स्थित यह गैर-लाभकारी संस्था कृषि बैठकों, व्यापारिक सेमिनारों, छात्र विनिमय कार्यक्रमों और अमेरिकी निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए चीन यात्राओं का आयोजन करती है। समिति यह जानना चाहती है कि क्या यह समूह गुप्त रूप से अमेरिकी धरती पर बीजिंग के इशारों पर काम कर रहा है अध्यक्ष जॉन मूलनार ने दो-टूक शब्दों में लिखा, “चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (सीसीपी) के ‘यूनाइटेड फ्रंट’ अभियान निरंतर और व्यापक हैं, जो अमेरिका में हर स्तर के नीति-निर्धारकों को निशाना बनाते हैं। राज्य और स्थानीय नेता इसके प्रति विशेष रूप से संवेदनशील हैं।”
इस जांच के केंद्र में चीनी सरकार से जुड़े उन साझेदारों का बड़ा नेटवर्क है, जिसे हार्टलैंड चाइना ने पिछले कुछ वर्षों में विकसित किया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, सबसे अधिक चिंता का विषय इस संगठन का ‘चाइनीज पीपुल्स एसोसिएशन फॉर फ्रेंडशिप विद फॉरेन कंट्रीज’ (सीपीएएफएफसी) के साथ बार-बार होने वाला सहयोग है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इस समूह को स्पष्ट रूप से ‘बीजिंग आधारित ऐसा संगठन बताया है, जिसे स्थानीय सरकारों को अपने पक्ष में करने का काम सौंपा गया है’ और जो ‘पीआरसी के वैश्विक एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए राज्य और स्थानीय नेताओं को सीधे और दुर्भावनापूर्ण रूप से प्रभावित करने की कोशिश करता रहा है’। समिति ने विशेष उदाहरण पर ध्यान केंद्रित किया है। अक्टूबर 2025 में सीपीएएफएफसी और हुबेई प्रांतीय सरकार ने वुहान में एक हाई-प्रोफाइल ‘यांग्जी-मिसिसिपी नदी बेसिन संवाद’ की मेजबानी की थी।
चीनी आधिकारिक स्रोतों से पता चला है कि हार्टलैंड चाइना को विशेष रूप से सीपीएएफएफसी के उन अमेरिकी मेयरों, सांसदों और विशेषज्ञों की पहचान करने और उनके आने की व्यवस्था करने का काम सौंपा गया था, जिन्होंने इसमें भाग लिया था। यह एक ऐसा तथ्य है, जिसे संगठन ने इस कार्यक्रम के अपने सार्वजनिक विवरण से चुपचाप हटा दिया। श्री मूलनार ने पत्र में उल्लेख किया, “यह ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी है, जिसे हार्टलैंड चाइना ने अपने सार्वजनिक विवरण से गायब कर दिया।” समिति की चिंताएं यहीं खत्म नहीं होतीं। जांचकर्ताओं ने कई अन्य संस्थाओं के साथ हार्टलैंड चाइना के संबंधों को चिन्हित किया है, जिन्हें वे चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रभाव का साधन बताते हैं। चाइना-यूनाइटेड स्टेट्स एक्सचेंज फाउंडेशन (सीयूएसईएफ) को समिति ने सीसीपी की ‘यूनाइटेड फ्रंट’ रणनीति का औजार बताया है, जिसका उद्देश्य पीआरसी सरकार के प्रति अमेरिकियों के दृष्टिकोण को बदलना है।”
चीन के कृषि मंत्रालय से संबद्ध ‘चाइना एग्रीकल्चर एसोसिएशन फॉर इंटरनेशनल एक्सचेंज’ (सीएएआईई) के बारे में कहा जाता है कि वह विदेशी सरकारों के कृषि क्षेत्रों और नीतियों को इस तरह से निशाना बनाता है, जिससे चीनी हितों को लाभ पहुंचे। साथ ही, ‘चाइना सेंटर फॉर इंटरनेशनल इकोनॉमिक एक्सचेंजेस’ (सीसीआईईई), जो अब चीनी सामाजिक विज्ञान अकादमी के तहत संचालित थिंक टैंक है, उन साझेदारों की सूची में शामिल है, जिनके बारे में समिति का कहना है कि वे किसी भी अमेरिकी पर्यवेक्षक को सतर्क करने के लिए काफी हैं। इस पत्र ने 2021 के कार्यक्रम पर भी सवाल उठाये हैं, जहां हार्टलैंड चाइना ने एक अन्य अमेरिकी समूह ‘यूनाइटेड चाइनीज अमेरिकन्स’ के साथ मिलकर एक सार्वजनिक सेमिनार आयोजित किया था। आलोचकों का कहना है कि इसका उपयोग सीसीपी के खिलाफ न्याय विभाग के जवाबी खुफिया प्रयासों को कमजोर करने के लिए किया गया था।
श्री मूलनार ने मांग की है कि हार्टलैंड चाइना सात मई, 2026 तक रिकॉर्ड का एक विस्तृत सेट सौंपे। समिति 2021 से 2025 तक के सभी कार्यक्रमों और प्रतिभागियों की पूरी सूची, अमेरिकी स्थानीय, कार्यकारी और विधायी अधिकारियों के साथ हुए सभी संवाद, चीनी साझेदार संगठनों के साथ हस्ताक्षरित प्रत्येक समझौता और चीन या चीन से जुड़ी संस्थाओं से प्राप्त किसी भी विदेशी फंडिंग का पूरा रिकॉर्ड चाहती है। यह मांग संकेत देती है कि जांचकर्ता ‘विदेशी एजेंट पंजीकरण अधिनियम’ (एफएआरए) के संभावित उल्लंघनों पर नजर रख रहे हैं। यह कानून विदेशी सरकार के एजेंट के रूप में काम करने वाले और अमेरिकी धरती पर राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए न्याय विभाग के पास पंजीकरण कराना अनिवार्य बनाता है। अपनी वेबसाइट पर हार्टलैंड चाइना खुद को मध्य-पश्चिमी अमेरिकियों और चीन के बीच अवसरों को बढ़ावा देने वाला बताता है और जोर देकर कहता है कि वह ‘कोई लॉबिंग नहीं करता है’। हालांकि, समिति इस दावे को स्वीकार नहीं कर रही है। श्री मूलनार ने लिखा, “पीआरसी सरकार से जुड़े संगठनों के साथ ये व्यापक संबंध इस बात पर गंभीर संदेह पैदा करते हैं कि हार्टलैंड चाइना के कई कार्यक्रम, जिनमें कृषि बैठकें, व्यापार सेमिनार, छात्र मंच और अमेरिकी निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए चीन की यात्राएं शामिल हैं, सीसीपी नियंत्रित, निर्देशित और वित्तपोषित हो सकते हैं।”
