इंदौर:देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से संचालित स्टार एयर की मुंबई और गोंदिया जाने वाली सभी उड़ानें 31 मई तक के लिए निरस्त कर दी गई हैं. कंपनी ने अपनी वेबसाइट से मई तक की फ्लाइट्स हटा दी हैं और अब 1 जून से बुकिंग शुरू की जा रही है. अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.जानकारी के मुताबिक स्टार एयर ने पहले गोंदिया और अहमदाबाद रूट पर उड़ानें बंद की थीं, जिसके बाद 15 जनवरी से इंदौर मुंबई गोंदिया सेक्टर पर सेवाएं दोबारा शुरू की गई थीं.
फ्लाइट दोपहर 1:40 बजे मुंबई से इंदौर पहुंचकर 2:10 बजे गोंदिया जाती थी, जबकि शाम 5:20 बजे गोंदिया से इंदौर आकर 5:50 बजे मुंबई के लिए रवाना होती थी. अब इन सभी उड़ानों को 31 मई तक के लिए रद्द कर दिया है, कंपनी ने इसके पीछे ऑपरेशनल कारण बताए हैं. उड़ानें बंद होने से सबसे ज्यादा दिक्कत गोंदिया जाने वाले यात्रियों को हो रही है, क्योंकि इस रूट पर इंदौर से कोई अन्य सीधी फ्लाइट उपलब्ध नहीं है. जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक कर रखे थे, उन्हें अब यात्रा की नई व्यवस्था करनी पड़ रही है.
गौरतलब है कि 30 मार्च से कंपनी ने समर शेड्यूल में इंदौर मुंबई फ्लाइट को आगे बेलगाम तक बढ़ाया था, जिससे यात्री बिना विमान बदले सीधे बेलगाम पहुंच सकते थे. लेकिन मुंबई फ्लाइट बंद होने से यह कनेक्टिविटी भी प्रभावित हो गई है. कंपनी सूत्रों का कहना है कि 1 जून से सेवाएं दोबारा शुरू होने पर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, बुधवार और शनिवार इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा.
