ताप्ती नदी में मिला महिला का शव, सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका; पति फरार

बैतूल: बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में ताप्ती नदी से एक महिला का शव मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गाड़वा पीपला गांव के पास नदी में एक महिला का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान की। मृतका की पहचान ग्राम कामिंदा निवासी बाली (27) पत्नी मोगिंया जावलकर के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि महिला पिछले एक वर्ष से अपने मायके में रह रही थी और उसका पति से विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह कपड़े धोने नदी गई थी, जिसके बाद से लापता हो गई थी। आज उसका शव बरामद हुआ।पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला के सिर में गंभीर चोट पाए जाने से हत्या की आशंका और गहरा गई है। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने पति पर संदेह जताया है। बताया गया है कि पति शराब के नशे में अक्सर मारपीट करता था।

घटना के दिन पति को गांव के आसपास देखे जाने की भी जानकारी सामने आई है, जबकि उसका मोबाइल बंद है और वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर उसकी तलाश शुरू कर दी है तथा तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Next Post

श्री निजानंद आश्रम, श्री कृष्ण प्रणामी धाम, राजनगर एक्सटेंशन में भक्तों द्वारा वार्षिकोत्सव संपन्न

Tue Apr 21 , 2026
…..राकेश जाखेटिया , दिल्ली दिल्ली एनसीआर क्षेत्र राजनगर  एक्सटेंशन गाजियाबाद में  संचालित ‘प्रणामी’ आश्रम के भक्तों  द्वारा भक्ति भाव से वार्षिक उत्सव मनाया गया । शेरपुर से सचिव श्री राजकुमार पालीवाल श्री श्री कृष्ण दास महाराज  आदि अनेको साधु संतो एवम् गुरुओं का आगमन हुआ । इस महोत्सव हेतू  श्री […]

You May Like