लाहौर, 20 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने श्रीलंकाई खिलाड़ी दसुन शानका पर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) खेलने से एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है। बोर्ड ने पाया है कि शानका ने पीएसएल से बाहर होने और बाद में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के साथ जुड़ने से लाहौर क़लंदर्स के साथ अनुबंध का उल्लंघन किया है।
पीसीबी के एक बयान में कहा गया है कि इस पर निर्णय विस्तृत समीक्षा के बाद लिया गया है। बोर्ड के बयान के अनुसार शानका ने एकतरफा रूप से अपना नाम वापस ले लिया जो कि खिलाड़ी पंजीकरण शर्तों और त्रिपक्षीय समझौते का स्पष्ट रूप से उल्लंघन था। शानका अब पीएसएल 2027 में नहीं खेल सकेंगे।
शानका को माफी मांगने के बाद कम सजा दी गई है।
पीएसएल के बयान में शानका के हवाले से कहा गया, “मुझे पीएसएल से हटने के अपने निर्णय पर गहरा अफसोस है और मैं पाकिस्तान के लोगों, पीएसएल के प्रशंसकों और पूरे क्रिकेट के समुदाय से माफी मांगता हूं। पीएसएल एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है और मैं अपने कदम से हुई निराशा को समझता हूं। लाहौर क़लंदर्स के प्रशंसकों, मैं आपको निराश करने के लिए माफी मांगता हूं। मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि जब मैंने पीएसएल से हटने का फ़ैसला किया था तब मेरा किसी और टूर्नामेंट में शामिल होने का कोई इरादा नहीं था। मेरे मन में पाकिस्तानी प्रशंसकों के लिए काफ़ी सम्मान है और मुझे पाकिस्तान में बिताया अपना समय हमेशा अच्छा लगा है। मुझे उम्मीद है कि मैं भविष्य में नए जोश और प्रशंसकों के विश्वास के साथ पीएसएल में वापसी करूंगा।”
उल्लेखनीय है कि शानका को क़लंदर्स ने नीलामी में करीब 27 हजार अमेरिकी डॉलर (लगभग 25 लाख भारतीय रुपए) में ख़रीदा था और सीजन की शुरुआत से पहले चोटिल सैम करन की जगह वह दो करोड़ की राशि में आरआर के साथ जुड़ गए थे।
मुजाराबानी और कॉर्बिन बॉश के बाद शानका पीएसएल से प्रतिबंधित होने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। बॉश ने पिछले सीजन पीएसएल खेलने का फ़ैसला किया था जिसके बाद उन्हें मौजूदा सीजन से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
