विरोध-प्रदर्शन के बीच चौपाटी कराई गई कब्जामुक्त

जबलपुर। विजय नगर के अहिंसा चौक से एकता चौक तक सड़क किनारे कब्जा करके अवैध रूप से चल रही चौपाटी को हटाने शुक्रवार को नगर निगम का अमला बुल्डोजर के साथ मौके पर पहुंचा तो वहां मौजूद व्यापारियों के होश उड़ गए। कुछ देर में व्यापारी समझ पाते इसके पहले नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते द्वारा चौपाटी में जमीं करीब 38 दुकानों के शेड व अन्य सामानों

को बुल्डोजर से हटा दिया गया और जमीन कब्जामुक्त कराई गई। हालांकि बुल्डोजर चलने के पहले व्यापारियों ने अतिक्रमण दस्ते की कार्यवाही का पुरजोर विरोध किया और सड़क पर चक्काजाम करते हुए कहा कि उन्हें दुकान हटाने संबंधी नगर निगम से कोई नोटिस नहीं मिले, अचानक अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई शुरू कर दी गई। लिहाजा पुलिस ने कुछ ही देर में प्रदर्शनकारियों को शांत करा दिया । जबकि नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के अधिकारियों ने चौपाटी के दुकानदानों से कहा कि ये सरकारी जमीन है और सरकारी जमीन पर कब्जा कर अतिक्रमण करने वालों को कोई नोटिस देने की जरूरत नहीं होती। इस संबंध में अतिक्रमण शाखा के प्रभारी मनीष तड़से ने नवभारत को बताया कि शुक्रवार को विजय नगर चौपाटी में हुई अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के करीब 3 दिन पहले मौखिक रूप से मुनादी कराकर चौपाटी के व्यपारियों को बोला गया था कि वे यहां से अपनी-अपनी दुकानें, ठेले हटा लें लेकिन किसी ने एक नहीं सुनी जिसके बाद शुक्रवार को चौपाटी की सभी दुकानों को हटा दिया गया। इस मौके पर पुलिस बल भी मौजूद रहा।

दीपावली तक बस दी गई राहत

विजय नगर चौपाटी के कुछ व्यापारियों व महिलाओं ने कार्यवाही के दौरान कहा कि इन दुकानो ंसे उनकी रोजी रोटी चलती है और अब दुकान हटने से उनके सामने घर चलाने का संकट खड़ा हो गया है। चौपाटी के व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन और मौके पर पहुंचे विधायक अभिलाष पांडे से मांग की कि उन्हें व्यापार करने कोई स्थान मुहैया कराया जाए। जिस पर नगर निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते के अधिकारी द्वारा चौपाटी के व्यापारियों से कहा गया कि दीपावली त्यैाहार को देखते हुए उन्हें कुछ दिन ही मोहलत दी जाती है और वे सिर्फ एक हाथ ठेला लगाकर अपना व्यवसाय दीवाली तक कर सकते हैं। साथ ही व्यापारियों को निर्देश दिए गए कि शेड लगाकर कोई भी दुकान संचालित नहीं होगी औी दीपावली खत्म होते ही विजय नगर चौपाटी पूरी तरह से खाली कर दें जिसमें हाथ ठेला तक नहीं लगा होना चाहिए।

 

–इनका कहना है-

–अहिंसा चौक से एकता चौक तक सड़क किनारे कब्जा करके बनी चौपाटी में सजीं करीब 38 दुकानों के अतिक्रमण को हटा दिया गया है और सरकारी जमीन कब्जामुक्त कराई गई है। दीपावली तक चौपाटी के दुकानदारों को हाथठेला पर दुकान लगाने अनुमति दी गई है, त्यौहार बाद दुकानदार हाथ ठेला भी नहीं खड़ा कर सकेंगे।

–मनीष तड़से, अतिक्रमण प्रभारी, नगर निगम जबलपुर।

Next Post

छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण में अधिकांश में हीमोग्लोबिन की कमी निकली

Fri Oct 17 , 2025
बेगमगंज। शा. कन्या एमएलबी हॉयर सेकंडरी स्कूल में बीईओ व प्राचार्य राजेंद्र श्रीवास्तव की पहल पर कक्षा 6 वीं से 12 वीं तक की छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर स्कूल प्रांगण में लगाया गया। ओपीडी में दर्ज 600 छात्राओं में से 553 का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण , अधिकांश होमोग्लोबिन की […]

You May Like