टीकमगढ़: शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को खाली सिलेंडर लेकर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। सिविल लाइन रोड स्थित गिरिराज गैस एजेंसी द्वारा पिछले कई दिनों से होम डिलीवरी सेवा बंद किए जाने से समस्या और गंभीर हो गई है।गिरिराज, अमन और निर्मल गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।
लोग खुद एजेंसी पहुंचकर सिलेंडर लेने को मजबूर हैं। वहीं, दूसरी ओर शहर के कई होटल और रेस्टोरेंट में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग खुलेआम होने से सवाल उठ रहे हैं। आम लोगों का कहना है कि जब घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल रहे, तो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक इनकी आपूर्ति कैसे हो रही है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसियां कैश एंड कैरी योजना का लाभ उठाने के लिए होम डिलीवरी बंद कर रही हैं।
इस योजना के तहत उपभोक्ता स्वयं सिलेंडर लेने पर डिलीवरी शुल्क में छूट पाते हैं, जिससे प्रति 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर करीब 27 से 30 रुपये की बचत होती है। हालांकि, अधिकांश उपभोक्ताओं को इस योजना की जानकारी नहीं है, जिसका फायदा एजेंसी संचालक उठा रहे हैं।जानकारी के मुताबिक, गिरिराज गैस एजेंसी के पास करीब 30 हजार कनेक्शन हैं। साथ ही यह आरोप भी सामने आया है कि टीकमगढ़ के सिलेंडरों को दमोह भेजकर कालाबाजारी की जा रही है।
इस पूरे मामले में जिला खाद्य अधिकारी कुलदीप मौर्य ने जांच कराने की बात कही है।उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति और बिगड़ रही है। यदि जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आम लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है।
