जबलपुर: यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर व्यापक अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन में पूरे अप्रैल माह में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले लगभग 273 ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के विरुद्ध चालान किए गए। इस कार्रवाई में कुल 1,36,500 रूपए का समन शुल्क वसूला गया।
नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई
कार्यवाही के दौरान यातायात बाधित करने वाले 134 वाहन चालकों के खिलाफ व्हील लॉकिंग की कार्रवाई की गई। इनसे 67,000 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नो पार्किंग में वाहन खड़े करना न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बनता है, बल्कि दुर्घटनाओं का जोखिम भी बढ़ाता है।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती
मालवीय चौक, गढ़ा और घमापुर यातायात थानों की संयुक्त टीमों द्वारा चलाए गए अभियान में 10 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
