ग्वालियर: अवैध धर्मांतरण, सुनियोजित षड्यंत्रों एवं समाज में बढ़ती असुरक्षा की घटनाओं के विरोध में विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के नेतृत्व में व्यापक आक्रोश प्रदर्शन महाराज बाड़े पर किया गया। मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ बजरंग दल के संयोजक विश्ववर्धन भट्ट ने कहा कि नासिक स्थित टीसीएस जैसे प्रकरणों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अवैध धर्मांतरण अब एक संगठित और व्यापक षड्यंत्र का रूप ले चुका है, जो समाज की एकता,सांस्कृतिक अस्मिता एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को लक्षित कर प्रलोभन, दबाव एवं छल के माध्यम से प्रभावित करने के प्रयास अत्यंत चिंताजनक हैं और इन पर निर्णायक रोक आवश्यक है।विश्व हिंदू परिषद ने केंद्र एवं राज्य सरकारों से अपेक्षा की है कि इस विषय की गंभीरता को समझते हुए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं,जिससे देश में शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक समरसता सुनिश्चित की जा सके।
ग्वालियर महानगर बजरंग दल के भारी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं हिंदू समाज ने जनाक्रोश प्रकट किया।महाराज बाड़ा चौराहा पर आयोजित मुख्य प्रदर्शन में विशाल जनसमूह एकत्रित हुआ, जहां से प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध धर्मांतरण एवं संगठित गतिविधियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने दाढ़ी-टोपी पहने एक जिहादी पुतले को भी आग के हवाले कर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। तहसीलदार राजेश शर्मा के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किए गए। मुख्य रूप से डॉ कमल भदोरिया, मनोज रजक, मनोज गोड़िया, प्रताप सिकरवार, रविराज लूडेले, भरत पाठक, संजू राठौड़, दीपक माझी, नीरज उचिया, नरेंद्र यादव, रिक्की गोड़िया, रवि जैन, गोलू सेन, सोनू गोड़ीया उपस्थित रहे।
