इंदौर:शहर में अपराध और बदमाशों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने 16 आदतन बदमाशों पर कार्रवाई की है. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 5 कुख्यात आरोपियों को 3 से 6 माह के लिए जिलाबदर कर इंदौर शहर, देहात और सीमावर्ती जिलों की सीमा से बाहर किया है, जबकि 11 अन्य को 6 माह से 1 साल तक के लिए रोजाना थाने में हाजिरी लगाने, किसी भी तरह का गलत काम नहीं करने और इलाके की शांति भंग नहीं करने की शर्तों के साथ पाबंद किया है.
कमिश्नर कार्यालय ने सख्ती दिखाते हुए शहर में लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है. पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में संबंधित जोन के अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर इन बदमाशों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए. कमिश्नर का कहना है कि सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं. कार्रवाई के बावजूद इनके व्यवहार में सुधार नहीं आ रहा था और ये लगातार क्षेत्र में अपराध कर शांति व्यवस्था बिगाड़ रहे थे.
ये बदमाश किए गए जिलाबदर
जिन 5 बदमाशों को जिलाबदर किया है, उनमें दीपक तिवारी (हीरानगर), विकास उर्फ बड़े राठौर (एमआईजी), प्रेम उर्फ कमल महावर (अन्नपूर्णा), सत्यम उर्फ कर्तव्य मराठा (एरोड्रम) और नीरज तिवारी (हीरानगर) शामिल हैं. इन्हें तय अवधि के लिए इंदौर जिले और उससे लगे सीमावर्ती जिलों की सीमाओं में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगाया है.
इन बदमाशों को थाना हाजिरी के आदेश
11 अन्य बदमाशों जावेद खान (गांधीनगर), वसीम उर्फ गुड्डू (एमजी रोड), संतोष बैरागी (एरोड्रम), धरम उर्फ थाणे (एरोड्रम), हर्ष उर्फ भय्यु (परदेशीपुरा), महेंद्र जीनवाल (परदेशीपुरा), दिनेश गतिया (परदेशीपुरा), सौरभ जाट (परदेशीपुरा), सागर उर्फ सापली (राजेंद्र नगर), पुष्पराज यादव (खजराना) और गौरव काले (गांधीनगर) को निर्बंधन आदेश के तहत पाबंद किया है. इन सभी को तय अवधि में रोजाना संबंधित थाने में हाजिरी देना अनिवार्य होगा. साथ ही किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं होने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है. आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित बदमाशों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी
