मुंबई, 18 अप्रैल (वार्ता) निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में 13,702 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ जो सालाना आधार पर 8.5 प्रतिशत अधिक है।
बैंक ने शनिवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। बैंक के निदेशक मंडल ने प्रति शेयर 12 रुपये के अंतिम लाभांश की अनुशंसा की है।
तिमाही के दौरान बैंक को ब्याज से 22,979 करोड़ रुपये की शुद्ध आय हुई जो 8.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। शुल्क के रूप में उसने 6,779 करोड़ रुपये की कमाई की।
बैंक द्वारा दिया गया कुल बकाया ऋण 31 मार्च 2026 को 15,53,893 करोड़ रुपये था जो एक साल पहले के मुकाबले 15.8 फीसदी अधिक है। बैंक के पास कुल जमा सालाना 11.4 प्रतिशत बढ़कर 17,94,625 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी।
एक तिमाही पहले की तुलना में बैंक का सकल एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) घटकर 31 मार्च को 1.40 प्रतिशत रह गयी। यह 31 दिसंबर 2025 को 1.53 प्रतिशत थी। शुद्ध एनपीए 0.37 प्रतिशत से घटकर 0.33 प्रतिशत पर आ गया।
