जबलपुर: मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही है। शहर में छिटपुट बारिश उमस के साथ बेचैनी बढ़ा रही है। मंगवार को सुबह से धूप निकली रही। दिन भर सूर्यदेव तमतमाये रहे बीच बीच में धूप और सूरज के बीच लुकाछिपी का खेल भी चलता रहा। शाम ढलते ही मौसम ने करवट बदली और बादलों ने डेरा डाल लिया तेज हवाएं चलने के बार हल्की बारिश हुई जिससे उमस बढ़ गई और गर्मी ने लोगों को बेचैन किया।
क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक वर्तमान में चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में उत्तर में अव्यवस्थित है। साथ ही एक चक्रवातीय परिसंरचरण दक्षिण पूर्वी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय है। दक्षिण पूर्वी राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश, बिहार होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक एक ट्रफ रेखा गुजर रही है। तीन अन्य प्रणालियां भी मध्य प्रदेश के ऊपर सक्रिय है।
ऐसा रहा तापमान
मौसम की बदली रंगत से तापमान मेंं भी उतार चढ़ाव का दौर जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सिसय दर्ज किया गया वहीं न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह के वक्त आद्रता 68 और शाम को 49 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं 6 से 7 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
सीजन में अब तक 35.2 मिमी वर्षा
वर्षा की बात करें तो इस मानसून सीजन में अब तक 35.2 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। मौसम विभाग की मानें तो मानसूनी गतिविधियां प्रभावशील हो रही है आगामी 24 घंटे के दौरान जबलपुर सहित संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और तेज हवा चलने का अनुमान है, गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा की संभावना है।