जबलपुर: गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण के दौरान लगी लाइन के दौरान उपजे विवाद के बाद दो आरक्षकों ने एक युवक की सरेराह पिटाई कर दी। इसके बाद उसे चौकी ले गए। आरोप है कि वहां उसे बंद करके बर्बरतापूर्वक पीटा गया बल्कि घंटों अवैध हिरासत में रखा गया है। बैंक के बाहर हुए विवाद और झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें पुलिसकर्मी युवक को पीटते नजर आ रहा है। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच अति. पुलिस अधीक्षक जोन 2 को सौंपी है । जिन्होंने थाना प्रभारी नितिन कमल समेत चौकी प्रभारी महेन्द्र जाटव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच चल रही है जिसमें जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक अमरनाथ यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन 15 अप्रैल से शुरू हो गए हैं। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है। घमापुर निवासी सोनू उर्फ गौरव कुमार महोलिया कल सुबह अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कराने रामपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुँचा था। लाइन में लगा था अपनी बारी का इंतजार रहा था। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया इसके बाद बवाल मच गया।
बाहर धकेला, गला पकड़ा, थप्पड़ मारे, चौकी में बैठा निर्दयता से पीटा
गौरव का आरोप है कि वे लाइन में लगा था उसका नंबर आगे था भीड़ एकदम से बैंक में घुसने लगी तो धक्का-मुक्की हो गई तभी ड्यूटी पर तैनात आरक्षक योगेन्द्र कुमार और तरूण मिश्रा ने ने बिना किसी कारण के उसे लाइन से बाहर धकेल दिया और गला पकड़ा इसके बाद उसे थप्पड़ मारे । । इसके बाद पुलिस उसे जबरन रामपुर चौकी ले गई, जहाँ एक बंद कमरे में उसकी निर्दयता से आधे घंटे तक बेल्ट और डंडों से पिटाई की गई उसे सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिना किसी कानूनी आधार के हिरासत में रखा गया। हद तो तब हो गई जब वह न्याय की गुहार लगाने थाने पहुँचा। पीडि़त का दावा है कि पुलिस ने उस पर ही दबाव बनाया और शिकायत न वापस लेने पर झूठा मामला दर्ज करने की धमकी दी। दोपहर करीब 3 बजे धमकी देकर छोड़ा। गौर ने कार्रवाई की मांग की है उसका दावा है कि उसके पास वीडियो फुटेज है।
लाइन तोड़ी, आगे घुसा, आक्रोश फैला, समझाईश पर नहीं माना
दूसरी ओर, गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले को अलग मोड़ दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, बैंक में अमरनाथ यात्रा के लिए भारी भीड़ थी और कतार लंबी थी। इसी दौरान सोनू ने लाइन तोडक़र सबसे आगे घुसने का प्रयास किया, जिससे वहां मौजूद अन्य आवेदकों में भारी आक्रोश पैदा हो गया और विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस ने सोनू को समझाने की कोशिश की लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था और हंगामा कर रहा था। शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।
इनका कहना है
युवक ने शिकायत की है। आरोप की जांच चल रही है। टीआई, चौकी प्रभारी को नोटिस जारी किए गए है। सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले जा रहे है जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को पेश की जायेगी इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
पल्लवी शुक्ला, एएसपी, जोन 2
