भोपाल:मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल के चुनावी दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में राज्य की वर्तमान स्थिति और राजनीतिक परिदृश्य पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विकास की दौड़ में पिछड़ रहा है और राज्य को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनना जरूरी है।मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अधिकांश राज्यों ने तेज़ी से विकास किया है, लेकिन बंगाल इस दिशा में पीछे रह गया है। उन्होंने याद दिलाया कि एक समय पश्चिम बंगाल देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता था, लेकिन अब वहां विकास की रफ्तार थम गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल की जनता जंगलराज से मुक्ति चाहती है और एक स्थिर व विकासोन्मुख सरकार की उम्मीद कर रही है। उनके अनुसार, राज्य की जनता बदलाव के मूड में है और प्रचंड बहुमत से भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है, ताकि विकास की नई इबारत लिखी जा सके।सीएम यादव ने कहा कि राज्य में विकास कार्य बाधित हैं और आम जनता परेशान है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि बंगाल को विकास की मुख्यधारा में लाना है तो भाजपा को चुनना आवश्यक है।
इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया सही मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने और देशभक्त मतदाताओं की ताकत बनाए रखने के लिए एसआईआर अहम कदम है।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में न केवल देश, बल्कि पश्चिम बंगाल भी विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।
