.
दमोह.जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में गुरुवार रात एक दो मंजिला इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में लगी लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई. जिसमें एक नगर पालिका कर्मचारी और शोरूम संचालक के बेटे सहित तीन लोग घायल हो गए. तीनों घायलों को गंभीर हालत में इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां प्राथमिक इलाज करने के बाद तीनों को जबलपुर रेफर किया गया था.जहां इलाज के दौरान नगर पालिका कर्मचारी की मौत हो गई अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है. अभी तक कोई भी फरियादी पुलिस थाने नहीं पहुंचा इसलिए पुलिस के द्वारा कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है. फरियादी के थाने पहुंचने पर ही पुलिस मामले की जांच आगे शुरू करेगी.
जानकारी के अनुसार तेंदूखेड़ा के मुख्य बाजार में प्रहलाद सोनी का दो मंजिला इलेक्ट्रानिक शोरूम संचालित होता है. गुरुवार रात नगर पालिका कर्मचारी कमलेश लोधी जो पाइप लाइन सप्लाई चालू करने का काम करता है.बांदीपुरा गांव के देवेंद्र लोधी के साथ शोरूम में खरीदी करने पहुंचे थे, देवेंद्र के घर में किसी की शादी है. उनके साथ शोरूम संचालक का बेटा भी साथ था.तीनों युवक शादी का सामान लेकर लिफ्ट के जरिए ऊपर से नीचे आ रहे थे. तभी अचानक लिफ्ट का संतुलन बिगड़ा और वह तेज गति के साथ नीचे गिर गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.इस हादसे में नगर परिषद के कर्मचारी कमलेश लोधी, मॉल संचालक का छोटा बेटा और बांदीपुरा गांव का युवक देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायलों को तुरंत सरकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था.देर रात नपा कर्मचारी कमलेश लोधी की इलाज के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक मॉल में लगाई गई,लिफ्ट एक लोडिंग लिफ्ट है,जिसका इस्तेमाल सामान ढोने के लिए किया जाना था. बताया जा रहा है इसका उपयोग ग्राहकों को ऊपर-नीचे लाने के लिए किया जा रहा था.
तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया की रात में उन्हें इस बात की जानकारी नहीं लगी.सुबह थाने से जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई भी फरियादी थाने नहीं पहुंचा है.जैसे ही फरियादी थाने पहुंचते हैं मामले में जांच शुरू की जाएगी.एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि तीन मंजिला दुकान में सामान लाने ले जाने के लिए एक लिफ्ट लगी थी. जिसके गिरने से तीन लोग घायल हुए थे. जिन्हें इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया था.वहां कमलेश लोधी नाम के युवक की मौत हो गई है जो नगर पालिका का कर्मचारी बताया जा रहा है. इस घटना में दुकान संचालक का बेटा और एक अन्य युवक घायल हुआ है. मामले की जांच थाना प्रभारी के द्वारा की जा रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.
