अमरूद के पेड़ से लटका मिला बॉबी, करंट से तड़प तड़पकर एक और युवक की मौत

शिवपुरी: जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। शिवपुरी जिले की खोड़ चौकी क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला, वहीं रन्नौद में अपनी फसल सींचने गए एक किसान की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।भौती थाने के खोड़ थाना क्षेत्र के टीला रोड पर सुबह एक दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। जुझाई गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक खेत में लगे अमरूद के पेड़ से बॉबी दयोल राजपूत नामक युवक का शव लटका मिला।

परिजनों ने बताया कि शाम को बॉबी खाना खाने बैठा था, तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आया। वह अभी आता हूँ कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। सुबह पेड़ पर उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि बॉबी के हाथों पर मिट्टी लगी थी, जो इस बात का संकेत है कि मौत से पहले संघर्ष हुआ होगा। घटनास्थल पर ही उसकी बाइक और मोबाइल पड़े मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

दूसरी हृदयविदारक घटना रन्नौद थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-15 से सामने आई है। यहाँ रहने वाला 25 वर्षीय धर्मसिंह कुशवाह अपने खेत में सब्जी की फसल की सिंचाई करने गया था। सिंचाई के लिए जब वह सीधे ट्रांसफार्मर से बिजली के तार जोड़ रहा था, तभी अचानक चालू लाइन का तार उसके ऊपर गिर गया। करंट इतना भीषण था कि धर्म सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक अपने पीछे एक महज डेढ़ साल की मासूम बेटी छोड़ गया है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

Next Post

एशिया के अमीरों की लिस्ट में बड़ा उलटफेर: गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पछाड़ा, $92.6 बिलियन की नेटवर्थ के साथ बने एशिया के सबसे रईस शख्स

Fri Apr 17 , 2026
मुंबई | ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के ताजा आंकड़ों ने भारतीय और एशियाई व्यापार जगत में हलचल मचा दी है। अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी एक बार फिर मुकेश अंबानी को पीछे छोड़कर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। शुक्रवार को जारी रैंकिंग के अनुसार, गौतम अडानी की […]

You May Like