गुरुग्राम, 16 अप्रैल (वार्ता) न्यूयार्क स्टाक एक्सचेंज में सूचीबद्ध एसएंडपी ग्लोबल ने गुरुग्राम में अपने अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन करने की घोषणा की है जहां एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक कर्मी कार्य करेंगे।
कंपनी की गुरूवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार उसका यह कदम गुरुग्राम को लेकर उसकी दीर्घकालिक योजना को दर्शाता है और इससे भारत में एसएंडपी ग्लोबल के 16,000 से अधिक सहकर्मियों की उपस्थिति के साथ प्रतिभा के लिए एक रणनीतिक केंद्र के तौर पर देश की भूमिका को मजबूती मिली है।
कुल 1,90,000 वर्ग फुट के इस कार्यालय का उद्घाटन एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस के अध्यक्ष और एसएंडपी ग्लोबल में चीफ डेटा ऑफिसर सौगात साहा, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स एवं सेथ फॉक्स के अध्यक्ष और एसएंडपी ग्लोबल में डिजिटल टेक्नोलॉजी सर्विसेज के सीटीओ यान ले पैलेक की उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। कंपनी ने बताया कि इस नए कार्यालय में टेक्नोलॉजी, डेटा, ऑपरेशंस और ग्राहक सफलता के कार्यों में एक हाइब्रिड वर्क मॉडल में 3,500 से अधिक सहकर्मी कार्य करेंगे।
एसएंडपी ग्लोबल मार्केट इंटेलिजेंस एवं एंटरप्राइस डेटा ऑर्गनाइजेशन में एसएंडपी ग्लोबल के भारत स्थित कार्यबलों के स्तर को देखते हुए सौगात साहा ने कहा, “भारत वृद्धि के लिए तैयार है और यह विश्व में सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाली अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। मौलिकता की हमारी वैश्विक रणनीति के अनुरूप असाधारण प्रतिभा के साथ यह एसएंडपी ग्लोबल के लिए अत्यधिक महत्वपूर्ण केंद्र है।”
उन्होंने कहा, “यह निवेश भारत के भविष्य में हमारे भरोसे और हमारे लोगों को एक ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने की हमारी प्रतिबद्धता दर्शाता है जो नवप्रवर्तन और गठबंधन को बढ़ावा दे। यहां मौजूद प्रतिभाएं आवश्यक सूचनाओं को आगे बढ़ाने और दुनियाभर में हमारे ग्राहकों और समुदायों के लिए प्रभावशाली समाधान प्रदान करने के हमारे मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।”
