इंदौर: कनाड़िया पुलिस ने दो युवकों को गांजा तस्करी करते पकड़ा है. आरोपियों के कब्जे से 1.313 किलोग्राम गांजा के साथ एक चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि शहर में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत कार्रवाई की गई. सूचना मिली थी कि क्षेत्र में गांजे का अवैध परिवहन हो रहा है. इस पर टीम ने घेराबंदी कर देवास जिले के रहने वाले 19 वर्षीय नागेश धौलपुरिया और 19 वर्षीय कान्हा चौहान को पकड़ लिया.
तलाशी के दौरान दोनों के पास से 1.313 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 18 हजार 500 रुपए बताई जा रही है.साथ ही एक हीरो डीलक्स बाइक और ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया. जांच में सामने आया कि बाइक पहले से चोरी की है, जिस पर थाना कनाड़िया में मामला दर्ज है. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की के तहत केस दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ जारी है और गांजा सप्लाई नेटवर्क व वाहन चोरी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
