इंदौर:द्वारकापुरी थाना क्षेत्र स्थित गुमाश्ता नगर में 75 वर्षीय बुजुर्ग को नशा देकर लूट का मामला सामने आया है. केयरटेकर बनकर आया युवक सोने के जेवर लेकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है.थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि ओमप्रकाश मूंगड़ चलने-फिरने में असमर्थ हैं. उनकी देखरेख करने वाला केयरटेकर छुट्टी पर था, जिसके चलते परिवार ने एजेंसी संचालक के माध्यम से फिरोजाबाद निवासी यश को 10 दिन के लिए बुलाया था.
रविवार को आरोपी ने योजना के तहत बुजुर्ग को नशीला पदार्थ दे दिया. बेहोश होने के बाद वह घर से सोने की चेन, ब्रेसलेट समेत अन्य जेवर लेकर फरार हो गया. घटना के बाद परिजनों को जानकारी लगी तो पुलिस को सूचना दी गई. मौके से पुलिस को नशीले पदार्थ की पुड़िया और खाने पीने का सामान मिला है, जिसे जब्त कर जांच में लिया है. आरोपी की लोकेशन पहले देवास और फिर राजस्थान में ट्रेस हुई है, पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस ने केयरटेकर उपलब्ध कराने वाले एजेंसी संचालक से भी पूछताछ शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
