जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त संजीव कुमार दुबे के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की। ओमती थाना क्षेत्र के रसल चौक स्थित स्वास्तिक कॉम्प्लेक्स में देर रात छापामार कार्रवाई की गई। आबकारी उप निरीक्षक आरएस मरावी के अनुसार, पार्किंग परिसर में लगे मीटर बॉक्स में शराब रखी पाई गई।
22 बोतलें और 283 पाव देशी शराब बरामद
जानकारी के अनुसार, पार्किंग परिसर में लगे मीटर बॉक्स का ताला तोड़कर जांच की गई, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब की 22 बोतलें और 283 पाव देशी शराब (67.44 बल्क लीटर) बरामद हुई। जब्त शराब में ऑल सीजन, आफ्टर डार्क, ऑफिसर चॉइस, रॉयल स्टैग और मैजिक मोमेंट जैसे ब्रांड शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान शराब के परिवहन में प्रयुक्त बजाज चेतक इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन को भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी चिंटू फरार, मामला दर्ज
घटनास्थल से आरोपी चिंटू सोनकर फरार हो गया, जिसके विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक रविशंकर मरावी, रूपाली जैन तथा आरक्षक रमेश इनवाती, अशोक सिंह बघेल और आदित्य कौरव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
