मुंबई, 14 अप्रैल (वार्ता) अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म चाँद मेरा दिल का टाइटल ट्रैक रिलीज हो गया है। अनन्या पांडे और लक्ष्य की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री के साथ इस गाने में आवाज़ फ़हीम अब्दुल्ला की है, म्यूज़िक सचिन-जिगर का और बोल अमिताभ भट्टाचार्य के हैं। सचिन-जिगर ने कहा, “हमारा मकसद था एक ऐसी धुन बनाना जो टाइमलेस भी लगे और फ्रेश भी। हमने कोशिश की कि इमोशन ही गाने को लीड करे।सिंपल लेकिन असरदार, ताकि हर नोट सुनने वाले के दिल में लंबे समय तक गूंजे। अमिताभ भट्टाचार्य के साथ काम करना हमेशा शानदार रहता है और फ़हीम की आवाज़ ने इस जादू को और ऊँचाई दी है। ये टाइटल ट्रैक फिल्म की जान है।”
फ़हीम अब्दुल्ला ने कहा, “इस गाने में एक मासूमियत है जो मुझे तुरंत जोड़ गई। ये सिर्फ प्यार का गाना नहीं है, बल्कि उन खामोश पलों की कहानी है जो प्यार को असली बनाते हैं। मैंने कोशिश की कि मेरी आवाज़ उसी नज़दीकी और सच्चाई को महसूस कराए, जो हर सुनने वाले से दिल का रिश्ता बना सके।”
धर्मा प्रोडक्शन्स की पेशकश, इस फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमन मिश्रा और मारिज़्के डीसूज़ा ने प्रोड्यूस किया है । विवेक सोनी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 22 मई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

