इंदौर: शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 1448 वाहन चालकों पर कार्रवाई की है. इस दौरान हेलमेट, रॉंग पार्किंग, मोबाइल उपयोग और वन वे तोड़ने वालों पर सख्ती के साथ कार्रवाई की गई.डीसीपी ट्रैफिक राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह निर्देशन में चारों जोन में विशेष पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों को सक्रिय किया है. अधिकारियों के निर्देश पर टीमों ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों और ट्रैफिक दबाव वाले इलाकों में लगातार निगरानी कर अव्यवस्थित पार्किंग और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई की. अभियान के दौरान 1237 हेलमेट नहीं पहनने वालों, 88 रॉंग पार्किंग, 34 मोबाइल पर बात करते वाहन चालकों और 14 वन वे उल्लंघनकर्ताओं पर चालानी कार्रवाई की. इसके अलावा अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों वाहनों को नो पार्किंग से हटवाया.
इस दौरान जोन 1 में अन्नपूर्णा रोड, बड़ा गणपति, एयरपोर्ट रोड, इमली बाजार और मरीमाता क्षेत्र में कार्रवाई की गई, वहीं जोन 2 में मेदांता रोड, मालवामिल, पाटनीपुरा, भमोरी, विजयनगर और एलआईजी क्षेत्र कवर किए. जबकि जोन 3 में 56 दुकान, पलासिया, रीगल, जेल रोड, कोठारी मार्केट और घंटाघर तक सघन कार्रवाई की गई. इसी तरह जोन 4 में यशवंत रोड, सराफा, जवाहर मार्ग, क्लॉथ मार्केट और गोराकुंड क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग रही.
पुलिस का दावा- लगातार कार्रवाई का दिख रहा असर
डीसीपी का कहना है कि लगातार पेट्रोलिंग का असर भी दिखने लगा है. बाजारों में अवैध पार्किंग कम हुई है, कई सड़कों पर ट्रैफिक पहले से ज्यादा सुचारू हुआ है और वाहन चालकों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ी है. भीड़भाड़ वाले इलाकों में तत्काल ट्रैफिक मैनेजमेंट से जाम की स्थिति में भी कमी आई है. ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में व्यवस्था सुधारने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में सघन चेकिंग के साथ सख्त कार्रवाई और बढ़ाई जाएगी
